मानवाधिकार मीडिया
सफलता के 13 सुनहरे साल — सच, विश्वास और न्याय की आवाज़

बृजमनगंज में तीन दिन में दो चोरियां, पुलिस के हाथ खाली, पंचायत भवन और आरआरसी सेंटर बने निशाना

07 Sep 2026, 01:05 PM • मानवाधिकार मीडिया

– दुबौलिया पंचायत भवन में चोरी का प्रयास सीसी कैमरे में कैद, मुरादपुर आरआरसी सेंटर से मोटर-टंकी समेत सामान चोरी

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। थाना क्षेत्र में तीन दिनों के भीतर चोरी की दो घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुबौलिया और लेहड़ा ग्रामसभा के मुरादपुर में चोरों ने सरकारी परिसरों को निशाना बनाया। दुबौलिया पंचायत भवन में चोरी के प्रयास की गतिविधि सीसी कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है, जबकि मुरादपुर स्थित आरआरसी सेंटर से पानी का मोटर, टंकी, हैंडपंप और दो दरवाजे चोरी कर लिए गए।

ताला तोड़ने में नाकाम रहे तो हैंडपंप ले गए

दुबौलिया ग्रामसभा के पंचायत भवन में 19 अगस्त को चोरी की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि गांव का ही एक युवक पंचायत भवन का ताला तोड़ने का प्रयास कर रहा था। परिसर में लगे सीसी कैमरे में उसकी गतिविधियां रिकॉर्ड होने की बात कही जा रही है। ताला नहीं टूटने पर युवक ने परिसर में लगे हैंडपंप को तोड़ दिया और उसे उठाकर ले गया।

घटना की जानकारी के बाद प्रधान प्रतिनिधि पंकज यादव ने बृजमनगंज थाने में लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि घटना सीसी कैमरे में रिकॉर्ड होने के बावजूद अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।

आरआरसी सेंटर का दरवाजा तोड़कर घुसे चोर

दूसरी घटना लेहड़ा ग्रामसभा के मुरादपुर स्थित आरआरसी सेंटर में 22 अगस्त की रात हुई। अज्ञात चोरों ने सेंटर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद पानी का मोटर, पानी की टंकी और हैंडपंप खोलकर ले गए। कमरे में रखे दो दरवाजे भी चोरों ने खोल लिए और उन्हें भी अपने साथ ले गए।

सुबह सेंटर पर पहुंचे लोगों को चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद ग्राम प्रधान गीता निषाद ने बृजमनगंज थाने में लिखित शिकायत देकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिकायत के बाद पुलिस जांच कर रही है, लेकिन अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है।

तीन दिन में दो घटनाओं से बढ़ी चिंता

एक ही थाना क्षेत्र में महज तीन दिनों के अंतराल में दो सरकारी परिसरों में चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी भवनों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने का फायदा चोर उठा रहे हैं। वहीं, एक घटना में सीसी कैमरे में संदिग्ध की गतिविधियां रिकॉर्ड होने की बात सामने आने के बाद भी कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

ग्रामीणों ने पुलिस से दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द खुलासा करने, चोरी गया सामान बरामद करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

थानाध्यक्ष बोले-जांच के आधार पर होगी कार्रवाई

थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि दोनों घटनाओं की जानकारी पुलिस को है। मामलों की जांच की जा रही है। सीसी कैमरे के फुटेज समेत अन्य तथ्यों को भी देखा जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।