– फर्जी पहचान से रजिस्ट्री कराने और जमीन पर लोन लेने का आरोप, नसीम बानो उर्फ नस्सो को पुलिस ने पकड़ा
शकील अहमद
बिजनौर (लखनऊ)। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट लखनऊ तरुण गाबा व संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय के निर्देशानुसार अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो0 मुश्ताक के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर अभिषेक कुमार पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक थाना बिजनौर कपिल गौतम द्वारा गठित पुलिस टीम ने फर्जी रजिस्ट्री के मामले में वांछित अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना बिजनौर पर पंजीकृत मु0अ0सं0-92/2026, धारा-319(2)/318(4)/338/336(2)/340(2) बीएनएस में वांछित अभियुक्ता तथाकथित मनीषा सिंह-रजिस्ट्रीकर्ता, वास्तविक नाम नसीम बानो उर्फ नस्सो पत्नी स्व0 सदकत हुसैन को गिरफ्तार किया गया है।
फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बेचने का आरोप
पुलिस के अनुसार, दिनांक 07/04/2026 को वादिनी मनीषा सिंह पत्नी शिला नाथ सिंह, निवासी सौभाग्य एल्डिको उद्यान-2, रायबरेली रोड, लखनऊ ने थाना बिजनौर पर लिखित तहरीर दी थी।
तहरीर में आरोप लगाया गया था कि नामित अभियुक्तगण मनीषा सिंह (फर्जी), वास्तविक नाम नसीम बानो, सीमा डंग, सुभाष चन्द्र और अंकित सिंह द्वारा वादिनी की जमीन के साथ धोखाधड़ी करते हुए फर्जी तरीके से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उसे बेच दिया गया तथा उक्त जमीन पर लोन भी लिया गया। इस संबंध में थाना बिजनौर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों से हुई गिरफ्तारी
अभियुक्तगण की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी द्वारा दो पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीमों ने तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों तथा स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से अभियुक्ता की तलाश शुरू की।
इसी क्रम में 18 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने तथाकथित मनीषा सिंह-रजिस्ट्रीकर्ता एवं वास्तविक नाम नसीम बानो उर्फ नस्सो पत्नी स्व0 सदकत हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्ता को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल शेष अभियुक्तगण की तलाश जारी है।