चौकी इंचार्ज पर महिला से मारपीट का आरोप, मचा हड़कंप
शिकायत लेकर पहुंची थी विवाहित महिला चौकी इंचार्च बोले बीच बचाव के दौरान महिला ने मेरा हाथ काटा
महराजगंज। जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के कम्हरिया गांव के टोला गोठवा की एक विवाहिता ने जोगियाबारी चौकी इंचार्ज पंकज सिंह पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं चौकी इंचार्ज ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि दोनों पक्षों के बीच विवाद के दौरान बीच-बचाव करते समय महिला ने उनके हाथ पर दांत से काट लिया। मिली जानकारी के अनुसार विवाहिता मरियम खातून रविवार को अपने ससुर मोहम्मद कैश के खिलाफ प्रताड़ना की शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंची थी। मामले को लेकर जोगियाबारी चौकी इंचार्ज ने महिला उसके भाई और ससुर को बातचीत के लिए चौकी बुलाया था।महिला का आरोप है कि चौकी पर बातचीत के दौरान कहासुनी होने पर दरोगा ने उसके साथ अभद्रता और मारपीट की। उसने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके भाई को चौकी में बैठा लिया गया। महिला के मुताबिक उसका पति दुबई में रहता है और वह चार बच्चों के साथ रहती है।जबकि चौकी इंचार्ज पंकज सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष चौकी पर आपस में उलझकर खींचतान करने लगे थे। वह बीच-बचाव करने पहुंचे तो महिला ने उनके हाथ पर दांत से काट लिया।मामले में थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह का पक्ष जानने के लिए फोन किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो सका। फिर हाल महराजगंज पुलिस ने थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह को जांच कर कार्यवाही करने का निर्देश दिया है।