JAMSHEDPUR : जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम बनाने की कांग्रेस की मांग
जमशेदपुर, झारखंड। आगामी जनगणना में पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की जातिवार गणना कराने की मांग को लेकर कांग्रेस ने आवाज बुलंद की है। जमशेदपुर सर्किट हाउस में कांग्रेस ओबीसी सेल की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर जनगणना प्रपत्र में ओबीसी की सभी जातियों के लिए अलग कॉलम बनाने की मांग की गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस ओबीसी सेल के महानगर अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा और जिला कांग्रेस महासचिव राकेश साहू ने कहा कि केंद्र सरकार देश में जनगणना कराने जा रही है, लेकिन ओबीसी की गणना को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। कांग्रेस की मांग है कि जनगणना फॉर्म में ओबीसी की सभी जातियों के लिए अलग से कॉलम निर्धारित किया जाए।
नेताओं ने कहा कि ओबीसी की जातिवार गणना के बिना समाज की वास्तविक जनसंख्या तथा उसकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति का सही आकलन संभव नहीं है। जातिगत आंकड़े उपलब्ध होने से पिछड़े वर्ग की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और उन्हें उनके अधिकार एवं हिस्सेदारी सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि यह प्रेस कॉन्फ्रेंस झारखंड प्रदेश कांग्रेस के निर्देश तथा जिला कांग्रेस प्रभारी शशि भूषण राय के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। नेताओं ने कहा कि इस मांग को लेकर कांग्रेस ओबीसी सेल आगे भी आंदोलन करेगा और केंद्र सरकार के समक्ष इसे मजबूती से उठाया जाएगा।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता नीरज कुमार, कमलेश शर्मा, रवि रंजन, संतोष कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।