नई दिल्ली / जमशेदपुर। मानसून सत्र के दौरान जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार मुलाकात कर जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र तथा आसपास के क्षेत्रों की महत्वपूर्ण सड़क एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्ताव केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे।
बैठक में सांसद महतो ने पारडीह काली मंदिर से पटमदा, काटिन, बंधवान, झिलमिली होते हुए पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा तक एक नए सड़क मार्ग के निर्माण का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी तथा उद्योग, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी।
इसके अलावा उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-220 (NH-220) को चाईबासा-हाता से आगे जादूगोड़ा, मुसाबनी और गुड़ाबांधा होते हुए ओडिशा के बंबई चौक तक विस्तारित करने का प्रस्ताव भी रखा। सांसद के अनुसार इस विस्तार से क्षेत्रीय विकास के साथ-साथ खनन और औद्योगिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
सांसद ने केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) योजना के अंतर्गत धालभूमगढ़-नरसिंहगढ़ रेलवे लेवल क्रॉसिंग से मुसाबनी-डुमरिया मुख्य मार्ग होते हुए ओडिशा सीमा तक लगभग 16.825 किलोमीटर सड़क निर्माण की स्वीकृति का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क परियोजना सीमावर्ती ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी।
बैठक में बामडोल घाट में स्वर्णरेखा नदी पर उच्च स्तरीय पीएससी पुल के निर्माण का प्रस्ताव भी प्रमुखता से रखा गया। सांसद ने बताया कि इस पुल के बनने से झारखंड और ओडिशा के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा तथा दोनों राज्यों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने धालभूमगढ़ फ्लाईओवर के दोनों ओर बार-बार क्षतिग्रस्त होने वाली सड़क के स्थायी समाधान के लिए लगभग एक-एक किलोमीटर लंबी उच्च गुणवत्ता वाली पीक्यूसी (सीमेंट कंक्रीट) सड़क के निर्माण का भी विशेष आग्रह किया, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा मिल सके।
सांसद विद्युत वरण महतो ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और आवश्यक प्रक्रियाओं के अनुरूप सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
मुलाकात के बाद सांसद ने कहा कि जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क से जोड़ना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।