जमशेदपुर, झारखंड। जिला उपायुक्त श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में एसडीओ एवं संबंधित अधिकारियों के साथ राजस्व संग्रहण, भू-अर्जन, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण तथा नीलाम पत्र वादों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति को लेकर विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को राजस्व संग्रहण में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पथ परियोजनाओं के लिए शेष भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा लंबित मुआवजा राशि का भुगतान कैम्प मोड में रैयतों को सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में भूमि संबंधी आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने तथा नीलाम पत्र वादों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने अधिकारियों से सभी लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं करने और संबंधित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।