जमशेदपुर, झारखंड। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने SIR-2026 के तहत जिले के सभी VLE (Village Level Entrepreneur) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक में निर्वाचन से संबंधित ऑनलाइन प्रक्रियाओं एवं कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्धारित प्रावधानों और दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी दस्तावेजों की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फर्जी दस्तावेज तैयार करने, अनधिकृत दस्तावेजीकरण करने अथवा E-Roll में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या हेरफेर में संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में VLE को ऑनलाइन प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों, दस्तावेजों के सत्यापन तथा डेटा की शुद्धता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। अधिकारियों ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया का पालन आवश्यक है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि SIR-2026 के तहत निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए संबंधित सभी कर्मियों एवं हितधारकों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है।