पानी पीने उठे पति ने देखा बिखरा सामान, अलमारी से गायब मिले सोने-चांदी के जेवर
रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के बकिया खेड़ा मजरे उदवतपुर गांव में रविवार देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। पति-पत्नी घर के अंदर सो रहे थे। रात करीब दो बजे पानी पीने के लिए उठे पति ने देखा कि घर के तीन कमरों के दरवाजे खुले पड़े हैं और गृहस्थी का सामान बिखरा हुआ है।
जांच करने पर अलमारी में रखे लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर गायब मिले। हालांकि, घर में रखी नकदी चोरों के हाथ नहीं लगी।
बकिया खेड़ा मजरे उदवतपुर निवासी नीरज यादव पुत्र रामबरन यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार 13 सितंबर को वह और उनकी पत्नी अर्चना खाना खाने के बाद सो गए थे। रात करीब दो बजे वह पानी पीने के लिए उठे तो घर के तीन कमरों के दरवाजे खुले मिले। अंदर गृहस्थी का सामान बिखरा पड़ा था।
नीरज यादव के अनुसार, चोर गृहस्थी का अन्य सामान नहीं ले गए, लेकिन अलमारी में रखे सोने-चांदी के लाखों रुपये कीमत के जेवर गायब थे। यह देखकर उन्होंने पत्नी को जगाया। घटना की जानकारी होने पर दोनों के होश उड़ गए।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि वादी की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.