खीरों के सेमरी चौराहे के पास हादसा, कानपुर से पत्नी-बेटी के साथ घर लौट रहा था युवक
खीरों, रायबरेली। थाना क्षेत्र में उन्नाव-लालगंज हाईवे पर सोमवार रात मवेशी से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में उसकी पत्नी और दो वर्षीय बेटी को मामूली चोटें आईं।
सलोन थाना क्षेत्र के गढ़ी जमीर्व खुर्द निवासी शैलेन्द्र कुमार पुत्र गेंदालाल कानपुर में पत्नी सोनिया और दो वर्षीय बेटी के साथ रहकर निजी नौकरी करते थे। सोमवार शाम बाइक सवार अपनी पत्नी और बेटी के साथ बाइक से अपने घर जा रहे थे।
रात करीब आठ बजे खीरों थाना क्षेत्र के सेमरी चौराहे के पास त्रिवेणी काशी महाविद्यालय के सामने अचानक बाइक के सामने मवेशी आ गया। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
हादसे में शैलेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पत्नी और बेटी को मामूली चोटें आईं। सूचना पर पहुंची सेमरी चौकी पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने शैलेन्द्र कुमार को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सीएचसी पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी सोनिया समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अग्रिम कार्रवाई करते हुए घटना की जांच की जा रही है।