– ऊंचाहार के चड़रई टोल प्लाजा के पास आयोजित कथा में पं. प्रदीप मिश्रा से सुनी शिव महापुराण कथा, मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने किया स्वागत
रायबरेली। ऊंचाहार के बाबूगंज के निकट चड़रई टोल प्लाजा पर आयोजित भव्य श्री शिव महापुराण कथा में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। उन्होंने व्यासपीठ पर विराजमान कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग के मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का साल पहनाकर और प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में व्यासपीठ पर विराजमान पं. प्रदीप मिश्रा का वंदन एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि शिव भक्ति की धारा को प्रवाहित करने वाले पं. प्रदीप मिश्रा की कथा का श्रवण करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की वेशभूषा और रहन-सहन अलग हो सकता है, लेकिन श्रद्धालुओं के मन में भक्ति और शक्ति का भाव समान होता है। उन्होंने कहा कि उन्हें विभिन्न आयोजनों में इस पावन कथा को सुनने, जानने और नजदीक से समझने का अवसर मिला है। ऐसे धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है और सकारात्मक वातावरण ही समाज की वास्तविक ताकत है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री शिव महापुराण कथा के आयोजन के लिए मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि दो संत व्यक्तित्वों का यह मिलन सनातन के गौरव का अविस्मरणीय क्षण है। उन्होंने कहा कि श्री शिव महापुराण कथा के पावन मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और व्यासपीठ पर विराजमान पं. प्रदीप मिश्रा का आत्मीय मिलन देखकर श्रद्धालुओं में श्रद्धा और आनंद का भाव उत्पन्न हुआ।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रेरणादायी आशीर्वचन और पं. प्रदीप मिश्रा के सानिध्य ने इस अवसर को और भी स्मरणीय बना दिया। उन्होंने इसे तप, सेवा, सनातन के प्रति समर्पण और शिवभक्ति एवं कथा साधना का भावपूर्ण संगम बताया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री एवं खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के मंत्री राकेश सचान, केंद्रीय राज्यमंत्री उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता बी.एल. वर्मा, सलोन विधायक अशोक कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।