– लंबे समय से जल निकासी की समस्या से जूझ रहे लोगों को मिलेगी राहत, नगर अध्यक्ष ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयसीमा का पालन करने के दिए निर्देश
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महराजगंज)। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज के वार्ड नंबर 9 में जल निकासी की समस्या दूर करने के उद्देश्य से 23 लाख रुपये की लागत से नाली का निर्माण कराया जाएगा।
नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान नारियल फोड़कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने कहा कि नगर के विकास कार्यों में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 9 में लंबे समय से जल निकासी की समस्या बनी हुई थी। बरसात के दिनों में जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
नाली का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होने और लोगों को जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे आवागमन भी सुगम होगा।
नगर अध्यक्ष ने कहा कि आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाना उनकी प्राथमिकता है। नगर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार को निर्देशित किया कि नाली का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाए और कार्य को तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर सभासद प्रद्युम्न सिंह, शिवप्रसाद चौरसिया, धर्मेंद्र चौरसिया, झीनक विश्वकर्मा, विनोद तिवारी, अनिल मणि, राजन चौरसिया, सनी रैना, तौलन चौरसिया सहित वार्ड के अनेक सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।




