– खंड शिक्षा अधिकारी हेमंत मिश्रा की मौजूदगी में विद्यालय परिसर में हुआ समारोह, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उपहार भेंट कर किया सम्मानित
बृजमनगंज (महराजगंज)। बृजमनगंज क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रत्तूपुर में तैनात शिक्षामित्र अर्जुन प्रसाद गुप्ता के सेवानिवृत्त होने पर बुधवार को विद्यालय परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी हेमंत मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उन्हें उपहार भेंट कर भावभीनी विदाई दी।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी हेमंत मिश्रा ने कहा कि विदाई एक सतत प्रक्रिया है। अर्जुन प्रसाद गुप्ता ने 19 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
इतने लंबे समय तक साथ काम करते हुए विद्यालय एक परिवार की तरह बन जाता है। ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद साथियों से बिछड़ना स्वाभाविक रूप से कष्टदायी होता है।
सेवानिवृत्त शिक्षामित्र अर्जुन प्रसाद गुप्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सेवाकाल के दौरान शिक्षा विभाग उन्हें एक परिवार की तरह लगने लगा था। लंबे समय तक साथ काम करने वाले सहकर्मियों से विदा लेना उनके लिए सुख और दुख का संगम है।
कार्यक्रम का संचालन एआरपी पंकज गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य नीलू गुप्ता, सहायक अध्यापक उदय कन्नौजिया, सुभाष प्रसाद, पूनम विश्वकर्मा, कैलाश कुमारी, सुनीता कुमारी, नीलम जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सभी ने अर्जुन प्रसाद गुप्ता के सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके सुखद और स्वस्थ भविष्य की कामना की।




