बाइक पर सवार भारी पुलिस फोर्स देख रुदौली क्षेत्र में हर कोई रह गया हैरान
रिपोर्ट :- फ़तेह खान
रुदौली-अयोध्या। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में जरा भी चूक न हो, इसके लिए एसडीएम रुदौली विनोद कुमार गुप्ता व सीओ अरविंद सोनकर बाइक पर सवार होकर पूरे मार्ग की कमान अपने हाथ में ले ली। रुदौली कोतवाली से रेछघाट तक गश्त करते हुए अधिकारियों ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। जहां खामी मिली, वहां संबंधित विभागों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। अधिकारियों की सख्ती ने साफ कर दिया कि विसर्जन मार्ग पर अव्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही के लिए कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी। एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता व सीओ अरविंद सोनकर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा दुर्गा पूजा आयोजकों के साथ रुदौली कस्बे से बाबा बाजार थाना क्षेत्र के रेछघाट तक स्थलीय निरीक्षण किया। बाइक से पूरे मार्ग का जायजा लेते हुए अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और यातायात संचालन की स्थिति परखी। संभावित बाधाओं को चिह्नित कर उन्हें समय रहते दूर करने के निर्देश दिए, ताकि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को कोई परेशानी का सामना न करना पड़े।
-खामियां दूर करने की विभागों पर जिम्मेदारी
निरीक्षण में बिजली विभाग के एसडीओ राजेश कुमार, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के साथ रुदौली कोतवाली प्रभारी संजय मौर्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। बिजली और प्रकाश व्यवस्था से लेकर मार्ग की बाधाएं दूर करने तथा यातायात प्रबंधन तक पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन की इस सक्रियता का उद्देश्य विसर्जन से पहले ही संभावित समस्याओं का समाधान करना है। अधिकारियों ने आयोजकों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियां समय से पूरी करने पर जोर दिया। जिससे विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।



