– बवासीर, फिशर, फिस्टुला और वैरिकोज वेन्स के आधुनिक उपचार पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी, CSR फंड से मिली लेजोट्रॉनिक्स लेजर मशीन से मरीजों को मिलेगी सुविधा
सरोजनी नगर (लखनऊ)। लोकबंधु राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय में शुक्रवार को लेजोट्रॉनिक्स लेजर मशीन के माध्यम से विभिन्न रोगों के आधुनिक शल्य चिकित्सा उपचार के लिए वृहद प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. विवेक गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लेजर सर्जरी की तकनीकों की जानकारी दी और मरीजों के ऑपरेशन भी किए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में फोर्टिस अस्पताल, नई दिल्ली के लेजर प्रोक्टोलॉजिस्ट डॉ. ए.एस. चिलाना तथा मैक्स अस्पताल, नई दिल्ली के वैस्कुलर सर्जन डॉ. संतोष कुमार तिवारी ने चिकित्सकों को बवासीर, फिशर, फिस्टुला, पाइलोनाइडल साइनस और वैरिकोज वेन्स जैसी बीमारियों के उपचार की आधुनिक विधियों से अवगत कराया। प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आए शल्य चिकित्सकों ने भी प्रशिक्षण प्राप्त किया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि लेजर तकनीक से सर्जरी में अपेक्षाकृत कम रक्तस्राव, कम समय में ऑपरेशन और शीघ्र रिकवरी जैसे लाभ मिल सकते हैं।
कुछ मामलों में ऑपरेशन 10 से 30 मिनट में पूरा हो सकता है और मरीज को उसी दिन अस्पताल से छुट्टी भी दी जा सकती है। इससे मरीजों को अपनी सामान्य दिनचर्या में लौटने में सुविधा मिल सकती है। हालांकि, ऑपरेशन की अवधि और अस्पताल में रहने का समय बीमारी की स्थिति तथा मरीज के स्वास्थ्य पर निर्भर करता है।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमिताभ श्रीवास्तव, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनय वर्मा, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. राजेश कुमार श्रीवास्तव, डॉ. शबीह मजहर, डॉ. अमित मिश्रा सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, लेजोट्रॉनिक्स लेजर मशीन के माध्यम से अब अस्पताल आने वाले मरीजों को संबंधित बीमारियों के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस मशीन का दान इंडिया प्रेस्टीसाइड्स लिमिटेड, लखनऊ के निदेशक श्री विश्वास स्वरूप अग्रवाल ने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) फंड के माध्यम से किया है।
चिकित्सालय प्रशासन ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयासों से अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।




