रिपोर्ट फतेह खान
शुजागंज अयोध्या।
शिक्षा क्षेत्र मवई के अंतर्गत अब्दुल हमीद मेमोरियल इंटर कॉलेज मवई जनपद अयोध्या में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व स्वतंत्र भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा,उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक मोहम्मद राशिद खां व प्रधानाचार्य मोहम्मद शमीम खां ने महात्मा गांधी व भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण के साथ किया। विद्यालय परिवार ने दोनों महापुरुषों के जीवन, आदर्शों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने व उन्हें अपनी रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देने के उद्देश्य से चार्ट व स्केच प्रतियोगिता और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्र/छात्राओं ने अपनी कला एवं प्रभावशाली वक्तव्यों के माध्यम से महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा व भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान,जय किसान’ के संदेश को प्रस्तुत किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय के प्रबंधक,प्रधानाचार्य द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उनका उत्साह बढ़ा।
विद्यालय के प्रबंधक मोहम्मद राशिद खां ने कहा कि महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जीवन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर विद्यार्थी बेहतर नागरिक बनने के साथ राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। विद्यालय में ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को सामने लाने के साथ उनमें देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
प्रधानाचार्य मोहम्मद शमीम खां ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं,बल्कि विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार,अनुशासन, देशप्रेम और नैतिक मूल्यों का विकास करना भी है। गांधी जी और शास्त्री जी के विचार आज भी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक हैं,प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के शिक्षकगण,शिक्षणेतर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर रहा।
गांधी जी -शास्त्री जी जयंती पर अब्दुल हमीद मेमोरियल इंटर कॉलेज में हुआ भव्य आयोजन

विज्ञापन | Advertisement
विज्ञापन | Advertisement


