कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा—नई तकनीक और एआई को समझकर भविष्य की जरूरतों के अनुरूप स्वयं को तैयार करें
मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में जिलेभर के विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, जिला स्तरीय विजेताओं का हुआ सम्मान
कांकेर । सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण की भावना, सकारात्मक सोच, रचनात्मक अभिव्यक्ति एवं कल्पनाशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की शुरुआत विद्यालय स्तर से हुई, जिसके बाद विकासखंड स्तर और तत्पश्चात जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिलेभर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने सपनों के भारत की कल्पना को चित्रकला एवं भाषण के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
सातों विकासखंडों में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, चारामा, दुर्गूकोंदल, कांकेर, कोयलीबेड़ा एवं नरहरपुर सहित सभी 7 विकासखंडों में प्रतियोगिता से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यालय स्तर पर प्रतिभागियों के चयन के बाद विकासखंड स्तर पर प्रतियोगिताएं हुईं और चयनित विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार प्राथमिक एवं माध्यमिक वर्ग में 83,855 विद्यार्थी, 1,12,928 पालक/नागरिक तथा 10,130 जनप्रतिनिधि सहभागी रहे। इस वर्ग में कुल 2,06,913 सहभागिता दर्ज की गई। वहीं हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी वर्ग में 24,345 विद्यार्थी, 48,690 पालक/नागरिक तथा 10,130 जनप्रतिनिधि सहभागी रहे। इस वर्ग में कुल 83,165 सहभागिता दर्ज की गई। इस प्रकार दोनों वर्गों को मिलाकर कुल 2,90,078 सहभागिता दर्ज हुई।
विधायक आशाराम नेताम ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधायक श्री आशाराम नेताम, कलेक्टर श्री कुंदन कुमार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण, पालक, नागरिक तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की चित्रकला एवं भाषण प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया।
विधायक श्री आशाराम नेताम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। विद्यार्थियों को नशे जैसी बुराइयों से सदैव दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और मेहनत के माध्यम से परिवार, समाज एवं जिले का नाम रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सपनों को लक्ष्य बनाकर निरंतर प्रयास करने तथा अपनी क्षमता का पूरा उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। विधायक ने कहा कि देश के विकास में युवाओं और विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा प्रत्येक विद्यार्थी को अपने भविष्य के प्रति स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ना चाहिए।
कलेक्टर कुंदन कुमार ने नई तकनीक सीखने पर दिया जोर
कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय तेजी से बदल रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सहित नई तकनीकें शिक्षा एवं कार्य के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध करा रही हैं। विद्यार्थियों को इन तकनीकों को समझकर उनका सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नई तकनीकों को सीखने के साथ अपने ज्ञान एवं कौशल का लगातार विकास करना चाहिए। प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। आवश्यकता है कि विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता को पहचानें तथा निरंतर सीखते हुए उपलब्ध अवसरों का सदुपयोग करें।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने सपनों को केवल सोच तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें लक्ष्य बनाकर निरंतर सीखने और प्रयास करने की आदत विकसित करें।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता
भाषण प्रतियोगिता — प्राथमिक/माध्यमिक वर्ग
प्रथम: जागृति साहू, विकासखंड कांकेर, मा.शा. कोदागांव।
द्वितीय: अबिदा नूरी, विकासखंड कांकेर, सेजेस नरहरदेव कांकेर।
तृतीय: नमन पुडो, विकासखंड कोयलीबेड़ा, बालक आश्रम घोड़ागांव।
भाषण प्रतियोगिता — हाई/हायर सेकेंडरी वर्ग
प्रथम: कु. अंकिता अदिति साहू, विकासखंड कांकेर, प्रयास आवासीय विद्यालय कांकेर।
द्वितीय: कु. करिश्मा पटेल, विकासखंड भानुप्रतापपुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भेजा।
तृतीय: तूफान पोताई, विकासखंड अंतागढ़, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ताड़ोकी।
चित्रकला प्रतियोगिता — प्राथमिक/माध्यमिक वर्ग
प्रथम: कु. कृतिशी धाली, विकासखंड कोयलीबेड़ा, मा.शा. ज्ञानामृत पानावार।
द्वितीय: कनिष्क जैन, विकासखंड भानुप्रतापपुर, मा.शा. सेलेगांव।
तृतीय: कु. इशिका भुआर्य, विकासखंड दुर्गूकोंदल, मा.शा. साधुमिचगांव।
चित्रकला प्रतियोगिता — हाई/हायर सेकेंडरी वर्ग
प्रथम: कु. रुचि यादव, विकासखंड कांकेर, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर।
द्वितीय: गुलशन कुंजाम, विकासखंड भानुप्रतापपुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेलेगांव।
तृतीय: जस्मीत कौर, विकासखंड भानुप्रतापपुर, सेजेस।
विद्यार्थियों को मिला सपनों को साकार करने का मंच
कार्यक्रम के अंत में जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपने विचारों, कल्पनाओं और देश के उज्ज्वल भविष्य की परिकल्पना को भाषण एवं चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए अपनी प्रतिभा को सामने लाने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को समझने और भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित करने का महत्वपूर्ण मंच बनी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला प्रशासन, स्कूल शिक्षा विभाग, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों, पालकों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




