– गैस सिलेंडर से खाना बनाते समय आग लगने की प्रारंभिक जानकारी, सामान निकालते समय दो श्रमिकों को मामूली चोट
शकील अहमद
सरोजनी नगर, लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र स्थित टाटा लेबर कैंप में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गैस सिलेंडर से खाना बनाते समय अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लेबर कैंप के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय कैंप में करीब 352 श्रमिक मौजूद थे, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। एसीपी, थाना प्रभारी, एफएसओ सरोजनीनगर एवं एफएसओ आलमबाग के नेतृत्व में फायर सर्विस की टीमों ने फायर टैंकरों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, श्रमिकों द्वारा गैस सिलेंडर से खाना बनाते समय आग लगने की बात सामने आई है। तीन मंजिला लेबर कैंप के प्रत्येक तल पर 11-11 कमरे बने हुए हैं। आग की चपेट में आने से कुल 17 कमरे प्रभावित होकर जल गए, जबकि कमरों में रखा कुछ सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
आग लगने के बाद श्रमिकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई की गई। सामान निकालने के दौरान श्रमिक ओमप्रकाश पाल और पवन कुमार को हल्की खरोंचें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रशासन की ओर से सभी श्रमिकों को सुरक्षा की दृष्टि से समीप स्थित अन्य लेबर कैंप में शिफ्ट कराया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस और फायर सर्विस की टीमों ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया।




