– मंदिर परिसर और मेले तक जाने वाले मार्ग पर प्रकाश, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने का दिया भरोसा
बृजमनगंज, महराजगंज। आगामी 11 अक्टूबर 2026 से शुरू हो रहे शारदीय नवरात्रि पर्व को देखते हुए आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज के नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने लेहड़ा स्थित दुर्गा मंदिर परिसर का निरीक्षण किया।
पूर्वांचल के आद्रवन क्षेत्र में स्थित लेहड़ा देवी मंदिर प्रसिद्ध शक्तिपीठ स्थल के रूप में जाना जाता है, जहां प्रत्येक वर्ष नवरात्रि मेले के दौरान दूर-दूर से लाखों श्रद्धालु दर्शन और मन्नत लेकर पहुंचते हैं।
निरीक्षण के दौरान नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, ऐसे में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।
नगर अध्यक्ष ने बताया कि मंदिर परिसर के साथ ही मेले तक जाने वाले मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराई जाएगी।
इसके अलावा साफ-सफाई और पेयजल की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि नवरात्रि के दौरान मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान मंदिर के पुजारी हरिश्चंद्र पांडे, विनोद तिवारी, सभासद झीनक विश्वकर्मा, धर्मेंद्र चौरसिया, शिव प्रसाद चौरसिया, राजन चौरसिया, सनी रैना सहित नगर पंचायत के विद्युत कर्मी मौजूद रहे।




