सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रुदौली कोतवाली पुलिस सतर्क
पुलिस ने मूर्तियों का दर्ज किया पूरा विवरण, शांतिपूर्ण ढंग से नवरात्र मनाने की अपील
रिपोर्ट :- फ़तेह खान
रुदौली-अयोध्या। शारदीय नवरात्र पर्व को लेकर रुदौली कोतवाली क्षेत्र के भेलसर-टिकैतनगर मार्ग पर स्थित मूर्तिकारों के यहां से मां दुर्गा की प्रतिमाओं को ले जाने का सिलसिला शनिवार से शुरू हो गया है। प्रतिमाओं को पंडालों में स्थापित करने के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रुदौली कोतवाली पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। इसी क्रम में रुदौली कोतवाली प्रभारी संजय मौर्य व भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह अपनी भारी पुलिस टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। वहीं पुलिस अधिकारी श्रद्धालुओं और आयोजकों से लगातार संवाद कर रहे हैं। तथा सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से नवरात्र मनाने की अपील कर रहे हैं। और पुलिस प्रशासन की ओर से मूर्तिकारों के यहां से ले जाई जा रही प्रत्येक दुर्गा प्रतिमा का पूरा विवरण भी दर्ज किया जा रहा है। इसमें प्रतिमा ले जाने वाले व्यक्ति का नाम, गांव तथा प्रतिमा स्थापना स्थल की जानकारी शामिल है। इस व्यवस्था का उद्देश्य प्रतिमाओं के आवागमन और स्थापना स्थलों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखना है। पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों और श्रद्धालुओं से अपील की है। कि वे त्योहार के दौरान शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखें। तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि नवरात्र का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।



