– रघुनाईजोत में जलनिकासी का रास्ता बंद होने से परेशान थे किसान, नगर अध्यक्ष ने जेसीबी से सड़क कटवाकर डलवाया सीमेंट का पीपा
बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रघुनाईजोत में कई दिनों से जलभराव की समस्या से ग्रामीण परेशान थे।
पानी की निकासी नहीं होने के कारण सैकड़ों एकड़ धान की फसल जलमग्न हो गई थी, जिससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका थी।
समस्या से परेशान ग्रामीणों ने आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज के नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई।
ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल स्वयं मौके पर पहुंचे और जलभराव की स्थिति का जायजा लिया।
इसके बाद उन्होंने तत्काल अपनी जेसीबी मशीन मंगवाकर सड़क को कटवाया और उसमें सीमेंट का बड़ा पीपा डलवाकर पानी की निकासी के लिए रास्ता बनवाया।
निकासी की व्यवस्था होने के बाद खेतों में भरा पानी कम होने लगा।
इस पहल से रघुनाईजोत के किसानों और ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।
जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने पानी निकासी की व्यवस्था कराने के लिए नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान रामनाथ, धर्मेंद्र चौरसिया, झीनक विश्वकर्मा, विनोद तिवारी, सनी रैना सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।




