मां कामाख्या धाम में 251 मीटर लंबी चुनरी लेकर उमड़ा आस्था का सैलाब
50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से भक्तिमय हुआ क्षेत्र, बुलडोजर से हुई पुष्पवर्षा
रिपोर्ट :- फ़तेह खान
रुदौली-अयोध्या। मां कामाख्या धाम के जयकारों, फूलों की वर्षा और श्रद्धालुओं के सैलाब के बीच सोमवार को रुदौली में भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। रुदौली लोकप्रिय विधायक रामचंद्र यादव के नेतृत्व में हरिहरपुर स्थित हैजा माता मंदिर से शुरू हुई 251 मीटर लंबी चुनरी यात्रा में करीब 50 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। पूरी यात्रा के दौरान बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का जोरदार स्वागत किया गया। महिलाओं की भारी भागीदारी के चलते यात्रा लगभग एक किलोमीटर लंबी हो गई। हाथों में चुनरी थामे महिलाएं मां के जयकारे लगाते हुए मां कामाख्या धाम की ओर बढ़ती रहीं। श्रद्धा और उत्साह से सराबोर इस यात्रा में महिलाओं के साथ पुरुषों और बच्चों की भी बड़ी संख्या रही। लोकप्रिय विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि मां कामाख्या के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति ही इस धार्मिक आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता है। मां के श्रीचरणों में चुनरी अर्पित करना सौभाग्य की बात है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आस्था, आपसी सद्भाव और एकजुटता की भावना मजबूत होती है। मां कामाख्या सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। और क्षेत्र में सुख-समृद्धि बनी रहे, यही कामना है। हरिहरपुर स्थित हैजा माता मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद चुनरी यात्रा सुनवा होते हुए मां कामाख्या धाम पहुंची। यहां विधि-विधान के साथ मां कामाख्या देवी के श्रीचरणों में 251 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की गई। यात्रा के दौरान मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का जोरदार स्वागत किया। बुलडोजर से पूरी यात्रा में पुष्पवर्षा किए जाने से आयोजन का आकर्षण और बढ़ गया। यात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पंचायत की ओर से रास्ते में कई स्थानों पर पानी की व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी को देखते हुए यात्रा मार्ग पर सुविधाओं का ध्यान रखा गया। श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ मां कामाख्या धाम पहुंचे और चुनरी अर्पित कर पूजा-अर्चना की। चुनरी यात्रा में करीब 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। सीओ अरविंद सोनकर ने बताया कि यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। भीड़ में चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में भी लगाया गया था। पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर रहे थे। बाबा बाजार के थानाध्यक्ष शैलेंद्र आजाद भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए यात्रा के साथ चल रहे थे। पुलिस प्रशासन की निगरानी में यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। यात्रा में नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ला, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार उर्फ खुन्नू पांडेय, सुमन पासवान, उदय रावत सहित अन्य लोग शामिल रहे। विधायक रामचंद्र यादव के नेतृत्व में निकली चुनरी यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने आयोजन को भव्य स्वरूप दिया। मां कामाख्या देवी के जयकारों और बुलडोजर से हुई पुष्पवर्षा के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।



