– पार्षद निधि से 70 मीटर लंबी और पांच मीटर चौड़ी इंटरलॉकिंग सड़क का होगा निर्माण, जलभराव से परेशान स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद
शकील अहमद
सरोजनीनगर, लखनऊ।सरोजनीनगर द्वितीय वार्ड संख्या-18 के अंतर्गत नारायणपुरी कॉलोनी में सोमवार को पार्षद रामनरेश रावत ने पार्षद निधि से इंटरलॉकिंग सड़क और नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
करीब 8 लाख 50 हजार रुपये की लागत से होने वाले इस निर्माण कार्य के तहत अनिल दुबे के घर से सचिन मिश्रा के घर तक तथा सोनू कश्यप वाली गली में सड़क और नाली का निर्माण कराया जाएगा। प्रस्तावित सड़क की लंबाई 70 मीटर और चौड़ाई पांच मीटर बताई गई है।
शिलान्यास कार्यक्रम में धूप-दीप के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद मंडल अध्यक्ष के.के. श्रीवास्तव और उमाशंकर वर्मा ने नारियल फोड़ा, जबकि विनय वर्मा और समर बहादुर ने फावड़े से जमीन खोदकर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
इस दौरान पार्षद रामनरेश रावत, भाजपा कार्यकर्ता, नारायणपुरी कॉलोनी के निवासी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पार्षद रामनरेश रावत ने बताया कि नारायणपुरी कॉलोनी की यह सड़क काफी समय से खराब थी। नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों का पानी सड़कों पर भर जाता था।
इससे स्थानीय निवासियों, बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि सड़क और नाली का निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को इन समस्याओं से राहत मिलने और आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
पार्षद ने इस निर्माण कार्य के लिए लखनऊ के सांसद एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, शिव शंकर सिंह (संकरी भैया) तथा नगर आयुक्त गौरव कुमार के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कॉलोनीवासियों की ओर से सभी का धन्यवाद किया।
शिलान्यास कार्यक्रम में रामकुमार गौतम, धर्मेंद्र, सुमित कुमार, प्रदीप सिंह, दिलीप शाहा, तौहीद, राजू सिंह, गोपाल भैया, महेंद्र, प्रिंस, समरपाल सिंह, कुलदीप, अनिल दुबे और फूलचंद गौतम सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।




