टहरौली- बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर बुधवार को टहरौली में मशाल यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान ‘कसम राम की खाते हैं, बुंदेलखंड राज्य बनवाएंगे’ और ‘बुंदेलखंड तो लेंगे-लेंगे, जैसे दोगे वैसे लेंगे’ जैसे नारे लगाए गए। कार्यक्रम में बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन को तेज करने का आह्वान किया गया।मशाल यात्रा बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष भानु सहाय के संयोजन एवं वरिष्ठ पत्रकार बाबू सिंह यादव के नेतृत्व में निकाली गई। आयोजकों ने कहा कि बुंदेलखंड राज्य निर्माण को लेकर पूर्व में किए गए वादे के बावजूद लंबे समय से कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है।आयोजकों ने बताया कि इसी मुद्दे को लेकर 21 अक्टूबर 2026 से झांसी के गांधी उद्यान, कचहरी के पास अनशन, सत्याग्रह एवं ‘तुम्हें प्रभु राम कौ कौल (कसम)’ अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत बुंदेलखंड क्षेत्र की समस्याओं और राज्य निर्माण की मांग को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजकों ने बुंदेलखंड के स्वास्थ्य, शिक्षा और सरकारी संस्थानों से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उनकी प्रमुख मांगों में मेडिकल कॉलेजों, सरकारी अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी में रिक्त पदों को समयबद्ध तरीके से भरना तथा आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराना शामिल है।
इसके अलावा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को स्ववित्तपोषित व्यवस्था से हटाकर सरकारी सहायता प्राप्त संस्थान बनाने, शिक्षकों को नियमित करने तथा प्राथमिक विद्यालयों से लेकर महाविद्यालयों तक शिक्षकों और कर्मचारियों के रिक्त पद भरने की मांग रखी गई। विद्यालयों के जीर्णोद्धार की भी मांग की गई।आयोजकों ने बुंदेलखंड क्षेत्र में संचालित बताए जा रहे अवैध नर्सिंग होमों के मामले में संबंधित अधिकारियों की भूमिका की उच्चस्तरीय एवं समयबद्ध जांच कराने की मांग भी उठाई।कार्यक्रम के दौरान लोगों से 21 अक्टूबर से झांसी के गांधी उद्यान में शुरू होने वाले अनशन और सत्याग्रह में शामिल होने की अपील की गई। आयोजकों ने कहा कि आंदोलन को गांव-गांव और वार्ड स्तर तक पहुंचाने के लिए जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी।मशाल यात्रा में भानु सहाय, बाबू सिंह यादव, राघवेंद्र पटेल, लेखराज पटेल,आशाराम कुशवाहा पूर्व प्रधान मोनू सोनी, सुरेंद्र प्रजापति, संजय कुशवाहा,दीपक यादव, हरेंद्र आर्य, अमर सिंह कुशवाहा, रघुराज शर्मा, प्रदीप झा, अनिल कश्यप, गिरीश राय, बंटू जैन,जितेंद्र पटेल, जवाहर यादव, शैलू यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।