अहमदाबाद। गुजरात पुलिस ने शुक्रवार को जामनगर और वडोदरा शहरों में चार करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की अवैध शराब नष्ट की। जब्त की गई शराब की बोतलों और कैन पर रोड रोलर चलाकर उन्हें पूरी तरह नष्ट किया गया। गुजरात एक शुष्क प्रदेश है, जहां शराब का निर्माण, बिक्री, भंडारण और सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित है।
जामनगर में 2.03 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध शराब और बीयर नष्ट की गई। जामनगर ग्रामीण के पुलिस उपाधीक्षक पीयूष वंदा ने बताया कि शराबबंदी कानून के तहत विभिन्न मामलों में जब्त की गई 54,991 से अधिक बोतलें सरकारी जमीन पर नष्ट की गईं। यह कार्रवाई अदालत के आदेश और स्थानीय उपविभागीय मजिस्ट्रेट की स्वीकृति के बाद की गई।
वहीं वडोदरा पुलिस ने 2.91 करोड़ रुपये मूल्य की जब्त शराब नष्ट की। जोन-चार के पुलिस थानों में शराबबंदी से जुड़े अपराधों में जब्त कुल 80,573 छोटी-बड़ी बोतलें और बीयर कैन नष्ट किए गए, जिनमें भारत में निर्मित विदेशी शराब का भंडार भी शामिल था। हरणी, सामा, बापोद और कारेलीबाग थानों के निरीक्षकों तथा शराबबंदी एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में यह कार्रवाई हुई।



