शकील अहमद
बिजनौर (लखनऊ)। अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिजनौर पुलिस ने अवैध तमंचा लेकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट लखनऊ तरुण गाबा एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय अपर्णा कुमार के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) मो0 मुश्ताक के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) रल्लापल्ली वसंथ कुमार एवं सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर अभिषेक कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन तथा प्रभारी निरीक्षक थाना बिजनौर कपिल गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
थाना बिजनौर के उपनिरीक्षक आनन्द प्रताप सिंह, प्रभारी चौकी कस्बा बिजनौर, पुलिस बल के साथ चौराहा बिजनौर से कस्बा बिजनौर की ओर पैदल गश्त कर रहे थे। बिजनौर बाजार के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि एक व्यक्ति गोलू होटल के सामने से नक्श सिटी जाने वाले मार्ग पर तमंचा लेकर घूम रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और नक्श सिटी जाने वाले मार्ग पर तमंचा लेकर घूम रहे युवक को घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान हुमेद उर्फ हुमैर पुत्र स्वर्गीय सगीर, निवासी घसियारी मोहल्ला, कस्बा बिजनौर, लखनऊ, उम्र करीब 26 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किया।
आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज
बरामदगी के संबंध में थाना बिजनौर में मु0अ0सं0-223/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। आरोपी को दिनांक 20 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर समस्त विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताई तमंचा रखने की बात
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसे यह तमंचा करीब डेढ़ वर्ष पहले जंगल में पड़ा हुआ मिला था। इसके बाद उसने तमंचे को अपने पास रख लिया।
आरोपी के अनुसार वह कभी-कभी इसे अपने साथ लेकर शौकिया तौर पर घूमता था और लोगों को डराता-धमकाता था।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।