युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज नई दिल्ली में आयोजित ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के 88वें संस्करण में भाग लिया।
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित यह कार्यक्रम ब्रिक्स के सहयोग से राष्ट्रीय खेल दिवस का विशेष संस्करण था। संवाददाताओं से बातचीत में डॉ. मांडविया ने कहा कि साइकिल चलाना नागरिकों के बीच लोकप्रिय हो गया है। साइकिल चलाने के महत्व का उल्लेख करते हुए डॉ. मांडविया ने कहा कि यह व्यायाम का एक उत्कृष्ट रूप है।
यह प्रदूषण मुक्त वातावरण के लिए महत्वपूर्ण है और यातायात जाम की समस्या का एक प्रभावी समाधान है। डॉ. मांडविया ने युवाओं से स्वस्थ और तंदुरुस्त रहने के लिए प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल और शारीरिक गतिविधियों के लिए समर्पित करने का आग्रह किया।
इसी बीच, भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने कहा कि ‘फिट इंडिया’ पहल देश को अधिक स्वस्थ, मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर करेगी। उन्होंने युवाओं से भी आंदोलन में भाग लेने का आह्वान किया।