बार-बार शिकायत के बावजूद नहीं हुआ समाधान, फोन कॉल और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित
माधौगढ़ (जालौन)। माधौगढ़, ईंटों ऊमरी, रामपुरा नगर सहित आसपास के एक दर्जन से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि नेटवर्क की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। इसके चलते लोगों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आज के डिजिटल युग में मोबाइल फोन और इंटरनेट आम लोगों की जरूरत बन चुके हैं। ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल भुगतान, बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं की जानकारी और अन्य जरूरी कार्यों के लिए इंटरनेट का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की खराब स्थिति के कारण लोगों को इन सुविधाओं का लाभ उठाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, कई बार मोबाइल से कॉल करने पर फोन नहीं लगता, तो कभी बातचीत के दौरान आवाज कटने लगती है। इंटरनेट की गति धीमी होने के कारण ऑनलाइन काम भी प्रभावित होते हैं। इससे विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और ऑनलाइन सेवाओं पर निर्भर लोगों को विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार जरूरी काम के समय नेटवर्क उपलब्ध न होने से लोगों के काम अटक जाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान समय में देश 5G तकनीक के दौर में पहुंच चुका है और मोबाइल फोन लगभग हर व्यक्ति की जरूरत बन गया है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
ग्रामीणों ने संबंधित मोबाइल कंपनियों और दूरसंचार विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि माधौगढ़, ऊमरी, रामपुरा नगर सहित आसपास के गांवों में नेटवर्क की स्थिति की जांच कराई जाए और समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को निर्बाध कॉलिंग और बेहतर इंटरनेट सेवा का लाभ मिल सके।
जिला संवाददाता रोहित कुमार
गोपाल द्विवेदी कि रिपोर्ट

