रुदौली कोतवाली में छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली, विभिन्न कार्यालयों और मिशन शक्ति केंद्र की दी गई जानकारी
रिपोर्ट :- फ़तेह खान
रुदौली-अयोध्या। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने गुरुवार को कोतवाली रुदौली का भ्रमण कर पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान छात्राओं को कोतवाली के कामकाज, विभिन्न कार्यालयों और पुलिस द्वारा संचालित जनहित से जुड़ी व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। गुरुवार को आयोजित इस भ्रमण के दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य, चर्चित तेज़ तर्रार महिला उपनिरीक्षक स्तुति गुप्ता व कोतवाली के अन्य पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को थाने की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्हें जनरल डायरी (जीडी) कार्यालय, जनसुनवाई केंद्र, मिशन शक्ति केंद्र और साइबर केंद्र का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया। साथ ही कोतवाली में रखे जाने वाले विभिन्न रजिस्टरों, कार्यालयों के कार्यों और पुलिस की जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई। वहीं स्तुति गुप्ता ने छात्राओं को बताया कि कोतवाली में शिकायतों की सुनवाई, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, महिलाओं की सुरक्षा तथा साइबर अपराधों से संबंधित मामलों में किस प्रकार कार्य किया जाता है। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को पुलिस व्यवस्था से परिचित कराना और उन्हें जागरूक बनाना रहा है। इस दौरान क्राइम इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान, उपनिरीक्षक पवन गुप्ता, उपनिरीक्षक विमल यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी सहित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का स्टाफ भी मौजूद रहा।



