बांगड़ अस्पताल में सीटी स्कैन के लिए घंटों इंतजार, मरीजों ने जताई नाराजगी
मरीज बोले—घंटों लाइन में लगे, जांच नहीं हुई; कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर भी शिकायत
पाली। बांगड़ अस्पताल में सीटी स्कैन जांच कराने पहुंच रहे मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। मरीजों ने आरोप लगाया कि लंबी लाइन में लगने के बावजूद समय पर सीटी स्कैन नहीं हो पा रहा है। वहीं, जांच को लेकर जानकारी मांगने पर संबंधित कर्मचारियों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की भी शिकायत मरीजों ने की।
मरीजों का कहना है कि अस्पताल में सीटी स्कैन कराने के लिए उन्हें काफी समय तक इंतजार करना पड़ता है। इससे मरीजों के साथ आए परिजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर गंभीर बीमारी से पीड़ित और तत्काल जांच की जरूरत वाले मरीजों को अधिक परेशानी होने की बात सामने आई है।
परेशान मरीजों ने अस्पताल प्रशासन के समक्ष अपनी समस्या रखी। मरीज अधीक्षक कैलाश परिहार और सहायक अधीक्षक आरके विश्नोई से मिले तथा सीटी स्कैन की व्यवस्था में आ रही दिक्कतों की जानकारी दी। मरीजों ने मांग की पर उन्होंने स्टाफ से बात की और सीटी स्कैन सेंटर पर दूसरे कर्मचारी को लगाया और जांच की प्रक्रिया को सुचारु किया जाए, ताकि उन्हें घंटों लाइन में खड़ा न रहना पड़े।
मरीजों ने यह भी मांग की कि सीटी स्कैन से संबंधित जानकारी देने के लिए उचित व्यवस्था हो और कर्मचारियों को मरीजों व उनके परिजनों की समस्याओं का संतोषजनक जवाब देने के निर्देश दिए जाएं।
मरीजों का कहना है कि अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज जांच कराने पहुंचते हैं। ऐसे में सीटी स्कैन की व्यवस्था को व्यवस्थित करने से मरीजों को राहत मिल सकती है।

