– पाहो गांव में 29 सितंबर को हुई थी लाखों के जेवर और नकदी की चोरी, गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे जंगल से आरोपियों को पकड़ने का पुलिस ने किया दावा
रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के पाहो गांव में 29 सितंबर को गंगा दुलारी निर्मल के घर हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है।
इस मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, चोरी के दौरान घर से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को थाना क्षेत्र के रूपखेड़ा के पास गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे जंगल में पांचों आरोपी बैठे थे। पुलिस के अनुसार, वे चोरी किए गए सामान को बेचने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन निर्मल पुत्र सुरेश निर्मल (20 वर्ष), असलम खान उर्फ बाबू पुत्र छुट्टन (19 वर्ष) और गोकरन पासी पुत्र नारायण (21 वर्ष), निवासी पाहो गांव, सूरज उर्फ नेपाली पुत्र फूल सिंह (24 वर्ष), निवासी थाना इंदिरा नगर, रायबरेली तथा विशाल सिंह पुत्र केशव सिंह (23 वर्ष), निवासी रूपखेड़ा मजरे श्यामपुर, थाना खीरों के रूप में हुई है।
एसआई कुलदीप सिंह बुंदेला ने बताया कि आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों के साथ 23,280 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।




