त्योहारों पर किसी भी चुनौती से निपटने को संयुक्त कार्रवाई की तैयारी
रिपोर्ट :- फ़तेह खान
रुदौली-अयोध्या। त्योहारों पर शांति में खलल डालने की किसी भी कोशिश को नाकाम करने के लिए अयोध्या पुलिस ने सीमावर्ती सुरक्षा का मोर्चा संभाल लिया है। सीमा पार अमेठी पुलिस के साथ कदमताल करते हुए अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने और किसी भी चुनौती से तत्काल निपटने की रणनीति तैयार की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में एसपी ग्रामीण राधेश्याम राय और सीओ रूदौली अरविंद सोनकर ने रैछघाट पर अमेठी पुलिस के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक कर सुरक्षा तैयारियों को धार दी। सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की निगरानी, यातायात नियंत्रण, विसर्जन कार्यक्रमों में भीड़ प्रबंधन और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर जोर देकर पुलिस अधिकारियों ने साफ कर दिया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई न हो और दोनों जनपदों की पुलिस हर चुनौती से निपटने के लिए समन्वय के साथ काम करे।
-सीमावर्ती सुरक्षा पर अधिकारियों का फोकस
बैठक में एसपी ग्रामीण राधेश्याम राय और सीओ रूदौली अरविंद सोनकर ने सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों जनपदों की पुलिस के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया। सुरक्षा संबंधी सूचनाओं का समय से आदान-प्रदान करने और किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
-यातायात और भीड़ नियंत्रण की तैयारी
आगामी त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने विसर्जन कार्यक्रमों को सुचारु ढंग से संपन्न कराने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
-संयुक्त कार्रवाई से मजबूत होगा तालमेल
बैठक में दोनों जनपदों के अधिकारियों के बीच आवश्यक सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और जरूरत पड़ने पर संयुक्त कार्रवाई को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए समन्वित प्रयासों की जरूरत पर बल दिया। बैठक में एसडीएम रूदौली विनोद कुमार गुप्ता सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।



