कुलगाम। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के ऊंचाई वाले चरागाहों में इस महीने पशु चोरी का बड़ा मामला सामने आया था। चोर 193 भेड़ और बकरियां हांककर फरार हो गए थे, जिनकी कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने कई दिन चले तलाशी अभियान के बाद इस सप्ताह तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर सभी पशु बरामद कर लिए हैं।
दक्षिण कश्मीर के डीके मार्ग इलाके के हुमपथरी चरागाह में 8 अक्टूबर को चोरों का एक समूह पहुंचा था। आरोपियों ने पशुओं की रखवाली कर रही महिलाओं के साथ मारपीट की और उनकी रोजी-रोटी का एकमात्र सहारा माने जाने वाले पूरे झुंड को हांककर ले गए। चोर 181 भेड़ और 12 बकरियां लेकर फरार हुए थे।
पशुओं के अचानक गायब होने के बाद डीके मार्ग पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। टीमों ने पहाड़ी रास्तों और आसपास के इलाकों में लगातार तलाशी ली और पशु व्यापार से जुड़े रास्तों पर भी नजर रखी। गिरफ्तार तीनों आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले की आगे जांच जारी है।



