– डीजे, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच निकले विसर्जन जुलूस, पुलिस और प्रशासन की निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ आयोजन
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। शारदीय नवरात्र संपन्न होने के साथ ही शुक्रवार दोपहर बाद नगर पंचायत बृजमनगंज और आसपास के क्षेत्रों में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। दो दर्जन से अधिक पूजा समितियों की प्रतिमाओं को श्रद्धालुओं ने नम आंखों से विदाई दी।
नगर की गलियों और प्रमुख चौराहों से होकर निकले विसर्जन जुलूसों में डीजे की धुन, अबीर-गुलाल और मां भगवती के जयकारे गूंजते रहे। भक्तजन मां की प्रतिमाओं के साथ विसर्जन स्थल तक पहुंचे और अगले वर्ष फिर से आने की कामना की। नगर के प्रमुख मार्गों से जुलूस गुजरने के दौरान लोग घरों की छतों और गलियों से मां के दर्शन करते हुए श्रद्धा अर्पित करते रहे।
पूजा समितियों की ओर से सजाए गए जुलूसों में मां के जयकारों के बीच युवाओं और बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कॉलेज रोड, डाकघर रोड, गल्ला मंडी, स्टेशन रोड और सहजनवा बाबू रोड समेत विभिन्न मोहल्लों से दुर्गा प्रतिमाओं के जुलूस निकाले गए। इन प्रतिमाओं का नगर स्थित साहब पोखरा में क्रमवार विसर्जन किया गया। विसर्जन स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मां की प्रतिमाओं को विदा करते समय कई भक्त भावुक नजर आए।
विसर्जन जुलूस में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर श्रद्धालु प्रतिमाओं के आगे नृत्य करते हुए अपनी भक्ति और उत्साह प्रकट करते रहे। कई स्थानों पर आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं, जिनमें मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों और पौराणिक प्रसंगों का चित्रण किया गया। इन झांकियों ने राहगीरों और श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।
विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की व्यवस्था मुस्तैद रही। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा, उपनिरीक्षक तारकेश्वर वर्मा, गजेंद्र सिंह, राजन पासवान, आलोक यादव, निरंजन राय, महिला उपनिरीक्षक अर्चना यादव, सफाई निरीक्षक कासिम और दीपक विश्वकर्मा लगातार मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था संभालते रहे। सुरक्षा बलों की तैनाती और अधिकारियों की निगरानी के बीच प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




