– पीड़िता के भाई की तहरीर पर 20 अक्टूबर को दर्ज हुआ था मुकदमा, पुलिस ने 23 अक्टूबर को आरोपी को किया गिरफ्तार
शकील अहमद
बिजनौर, लखनऊ। बिजनौर थाना पुलिस ने 15 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान संगीत (25) पुत्र स्वर्गीय सुंदर लाल, निवासी हसीनपुरवा, थाना बिजनौर, लखनऊ के रूप में हुई है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर 2026 को पीड़िता के भाई ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि संगीत ने उसकी 15 वर्षीय बहन के साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसका गला पकड़ लिया। शिकायत के आधार पर बिजनौर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0289/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) के तहत कार्रवाई की गई।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में दो टीमें गठित की गईं। पुलिस के अनुसार, तकनीकी जांच, मैनुअल जानकारी और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से 23 अक्टूबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में उन्नाव जिले के हसनगंज थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 304 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त अपर्णा कुमार के निर्देश पर, पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के निर्देशन तथा संबंधित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में की गई। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।




